केंद्रीय बजट पर कृषि मंत्री डॉ. मीणा की प्रेस वार्ता, किसानों के लिए बोले

नई दिल्ली 02-Feb-2026 06:47 PM

केंद्रीय बजट पर कृषि मंत्री डॉ. मीणा की प्रेस वार्ता, किसानों के लिए बोले

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। प्रदेश के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने आज सोमवार को केंद्रीय बजट 2026 को लेकर प्रेसवार्ता की। मंत्री डॉ. मीणा ने सवाई माधोपुर जिला कलक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी, मध्यम वर्ग और उद्यमियों को सशक्त बनाने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के सिद्धांत पर आधारित है। यह भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। डॉ. मीणा ने कहा कि केंद्रीय बजट न केवल सामाजिक न्याय को मजबूती देता है, बल्कि आर्थिक भागीदारी, तकनीकी नेतृत्व और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की भूमिका को भी मजबूत करता है।

किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष फोकस

कृषि मंत्री डॉ. मीणा ने कहा कि केंद्रीय बजट में कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, सूक्ष्म सिंचाई, भंडारण और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा दिया गया है। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भारत-विस्तार नामक बहुभाषीय AI टूल के माध्यम से क्षेत्रीय भाषाओं में कृषि सलाह दी जाएगी।

जिले के पर्यटन और विकास को मिलेगा नया आयाम

मंत्री डॉ. मीणा ने कहा कि आगामी 11 फरवरी को प्रस्तुत होने वाले राज्य बजट में सवाई माधोपुर के विकास के लिए कई घोषणाएं की जाएंगी। उन्होंने बताया कि रणथम्भौर पर्यटन विकास, 150 करोड़ से अधिक की अमरूद प्रसंस्करण इकाई, हवाई अड्डा विकास, लघु उद्योग, आपदा प्रबंधन परियोजनाएं, लटिया नाला सौंदर्यीकरण और धार्मिक-पर्यटन सर्किट जैसी योजनाएं शामिल होंगी।

सबका साथ, सबका विकास’ को साकार करता बजट

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को साकार करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।


ट्रेंडिंग ख़बरें