कृषि मंत्री डा.किरोड़ी के एक्शन से हड़कंप जोधपुर में अवैध बीज कारोबार का खुलासा
कृषि मंत्री डा.किरोड़ी के एक्शन से हड़कंप जोधपुर में अवैध बीज कारोबार का खुलासा
(सभी तस्वीरें- हलधर)कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की कार्रवाई में 50-60 करोड़ का नकली मूंगफली बीज सीज। राजस्थान में किसानों के साथ हो रहे बड़े फर्जीवाड़े पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जोधपुर के मंडोर क्षेत्र में कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के नेतृत्व में छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये के नकली मूंगफली बीज का जखीरा पकड़ा गया। शुरुआती जांच में करीब 50-60 करोड़ रुपये के अवैध बीज कारोबार का खुलासा हुआ है।
कई जिलों तक फैला था नकली बीज का नेटवर्क
सूत्रों के मुताबिक यह गिरोह नकली और निम्न गुणवत्ता वाले मूंगफली बीज को असली ब्रांडिंग के साथ किसानों तक पहुंचा रहा था। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, तैयार बीज बैग और मशीनरी भी जब्त की गई। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के अन्य जिलों से जुड़े तार खंगाल रही हैं।
मंत्री के पहुंचते ही मची अफरा-तफरी
छापेमारी की सूचना मिलते ही गोदाम और फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। कई लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं। कृषि विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं ताकि बीज की गुणवत्ता और फर्जीवाड़े की पुष्टि की जा सके।
किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि किसानों को नकली बीज बेचकर उनकी मेहनत और फसल दोनों बर्बाद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार ऐसे माफियाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।