कृषि में एआई क्रांति: कल जयपुर से शुरू होगा ‘भारतविस्तार’ राष्ट्रीय कार्यक्रम
कृषि में एआई क्रांति: कल जयपुर से शुरू होगा ‘भारतविस्तार’ राष्ट्रीय कार्यक्रम
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। कृषि क्षेत्र में डिजिटल क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘भारतविस्तार (BharatVistaar)’ का राष्ट्रीय शुभारंभ राज्य कृषि प्रबंध संस्थान (श्याम), दुर्गापुरा में मंगलवार, 17 फरवरी को किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे।
बजट घोषणा से शुरू हुआ एआई आधारित प्लेटफॉर्म
केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय बजट 2026–27 में घोषित ‘भारतविस्तार’ एक बहुभाषी, एआई आधारित संवादात्मक परामर्श प्रणाली है। इसका उद्देश्य देशभर के किसानों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कृषि से जुड़ी समग्र सेवाएँ उपलब्ध कराना है। यह पहल कृषि क्षेत्र में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) के रूप में विकसित की गई है, जिससे किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, लागत कम करने और जोखिम घटाने में मदद मिलेगी।
एक प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी कई सेवाएँ
‘भारतविस्तार’ प्रणाली को एग्रीस्टेक और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के संसाधनों से जोड़ा गया है। इसके साथ ही यह विभिन्न केंद्रीय व राज्य कृषि योजनाओं, भारतीय मौसम विभाग (IMD), मंडी मूल्यों और राज्य स्तरीय डिजिटल प्रणालियों से एकीकृत रहेगा।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को फसल आधारित वैज्ञानिक परामर्श, रीयल-टाइम मंडी भाव, मौसम पूर्वानुमान, कृषि ऋण और बीमा जानकारी, सरकारी योजनाओं की पात्रता व आवेदन मार्गदर्शन जैसी सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
डिजिटल इंडिया विजन को मिलेगा बल
‘भारतविस्तार’ के शुभारंभ के साथ ही भारत कृषि क्षेत्र में एआई आधारित नवाचार की दिशा में एक नई मिसाल कायम करेगा। यह पहल डिजिटल इंडिया के विजन को ग्रामीण भारत तक प्रभावी रूप से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।