मुख्यमंत्री भजनलाल की ‘पाती’ का वितरण शुरू, किसानों को दिया संदेश
(सभी तस्वीरें- हलधर)प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किसानों, युवाओं और महिलाओं के नाम लिखी गई ‘पाती’ का वितरण मंगलवार को बीकानेर जिले में किसानों से शुरू किया गया। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह के दौरान जनसंपर्क विभाग, कृषि एवं उद्यान विभाग और विश्वविद्यालय के अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को यह पाती प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य किसानों, युवाओं और महिलाओं तक राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सीधे पहुंचाना है।
पीएम किसान सम्मान निधि बढ़ाकर 9 हजार की
जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरिशंकर आचार्य ने बताया कि मुख्यमंत्री की पाती में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपए किए जाने का उल्लेख है। इससे प्रदेश के 76 लाख से अधिक किसानों को अब तक 11 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि वीबी-जीरामजी के माध्यम से किसानों को 125 दिनों का रोजगार और आय सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, राजस्थान कृषक समृद्धि योजना के तहत गेहूं खरीद पर बोनस देने से 2.67 लाख किसानों को लाभ मिला है।
फसल बीमा, आपदा सहायता और कृषि कनेक्शन से राहत
मुख्यमंत्री की पाती में बताया गया है कि राज्य सरकार द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को 3,481 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 6,415 करोड़ रुपए के दावों का भुगतान किया गया। इसके अलावा सिंचाई और ऊर्जा क्षेत्र में सुधार करते हुए करीब एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में नई सिंचाई सुविधाएं विकसित की गईं। किसानों को बिजली बिल में 48,591 करोड़ रुपए की सब्सिडी दी गई और 2 लाख से अधिक नए कृषि बिजली कनेक्शन जारी किए गए।
पाती में क्यूआर कोड से योजनाओं तक आसान पहुंच
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित इस पाती में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, राज किसान साथी पोर्टल, राज सहकार पोर्टल, राज किसान गिरदावरी ऐप, अटल जल योजना और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से संबंधित क्यूआर कोड दिए गए हैं। इससे किसान सीधे संबंधित पोर्टल और सेवाओं तक पहुंच सकेंगे। यह पाती कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी विभाग के साथ-साथ कृषि विश्वविद्यालय और पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के माध्यम से जिले के किसानों तक पहुंचाई जाएगी।
महिलाओं और युवाओं को भी मिलेगी ‘पाती’
सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, बुधवार को महिलाओं के नाम मुख्यमंत्री की पाती का वितरण बीछवाल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से शुरू किया जाएगा। यह वितरण महिला एवं बाल विकास विभाग, महिला अधिकारिता विभाग और राजीविका के माध्यम से किया जाएगा।
वहीं गुरुवार को युवाओं के नाम पाती का वितरण संभाग के सबसे बड़े राजकीय डूंगर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आरएसएलडीसी, रोजगार विभाग और अन्य संस्थाओं के माध्यम से किया जाएगा।
Read: पशुपालन मंत्री ने विधानसभा में दिया जवाब, निःशुल्क पशु चिकित्सा पर बोले..
Read: तारबंदी योजना में बड़ी राहत: किसानों की लागत घटाने को नियमों में दी शिथिलता