पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त कल, जयपुर में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त कल, जयपुर में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार 13 मार्च को ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ के अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। असम के गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
राजस्थान के 66.76 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि इस किस्त के तहत राजस्थान के 66.76 लाख से अधिक किसानों को भी लाभ मिलेगा। राज्य के किसानों के खातों में 1335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जाएगी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान को 2 हजार रुपये सीधे बैंक खाते में दिए जाएंगे।
दुर्गापुरा में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
इस अवसर पर राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, दुर्गापुरा (जयपुर) में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य रूप से शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में भी इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां किसान योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
सहकारिता मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने गुरुवार को दुर्गापुरा पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
किसानों को मिल चुकी 4.09 लाख करोड़ की सहायता
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। अब तक इस योजना के माध्यम से 21 किस्तों में करीब 4.09 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं।