जश्र ए आजादी पर दिखा देशभक्ति का जज्बा
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। प्रदेशभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। बीकानेर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। साथ ही, समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अनेक मनमोहक और आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि और पशुपालन राजस्थान की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार का मानना है कि किसान खुशहाल होगा तभी प्रदेश सही मायनों में खुशहाल होगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राज्य में वार्षिक सहायता 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है। अब तक 76 लाख से अधिक किसानों को 3 हजार 734 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि 2 लाख 31 हजार से अधिक नए कृषि कनेक्शन जारी किए गए हैं और बिजली बिलों में 61 हजार करोड़ रुपये के अनुदान के साथ गेहूं पर समर्थन मूल्य से अतिरिक्त 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। एक करोड़ से अधिक किसानों को करीब 67 हजार करोड़ रुपये के ब्याजमुक्त फसली ऋ ण वितरित किए गए हैं। राजस्थान अब बिजली खरीदने वाले राज्य से बिजली प्रदाता राज्य की दिशा में आगे बढ़ चुका है। राजस्थान सौर ऊर्जा क्षमता में देश में प्रथम और अक्षय ऊर्जा क्षमता में दूसरे स्थान पर है। कुसुम कंपोनेंट-ए और सी में भी राजस्थान देश में प्रथम है। 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार ने विद्युत क्षेत्र में 2 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज भार भी कम किया है। उधर, राजभवन मेें राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने सवाईमाधोपुर में, सहकारिता मंत्री गौत्तम कुमार दक ने चित्तौडग़ढ़ में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जिले की प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह में राज्यपाल के सन्देश का पठन भी किया गया। पंत कृषि भवन में कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने,पशुपालन विभाग में निदेशक सुरेशचंद्र मीणा ने, सहकार भवन- अपेक्स बैंक में प्रमुख शासन सचिव सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने झण्डारोहण किया। वहीं, काजरी में डॉ. एचएस जाट ने, राजस्थान पशुपालन विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. सुमंत व्यास ने, एमपीयूएटी उदयपुर में कुलपति डॉ. प्रातप सिंह धाकड़ ने, कृषि विश्वविद्यालय कोटा में कुलपति डॉ. विमला डुंकवाल ने, कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर में कुलपति डॉ. आरबी दुबे ने, रूवास जोबनेर में कुलगुरु डॉ. त्रिभुवन शर्मा ने, सरसों अनुसंधान निदेशालय, भरतपुर में डॉ. वीवी सिंह ने, केन्द्रीय भेड और ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकागनर में डॉ. एके तोमर ने ध्वजारोहण कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इसके अलावा प्रदेश के सभी कृषि विज्ञान केन्द्रों पर भी 80वां स्वाधीनता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया।
रसायन-मुक्त खेती का आह्वान
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से किसानों की बात की। मोदी ने किसानों से बड़े पैमाने पर रसायन-मुक्त खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में ऐसे कृषि उत्पादों की मांग बढ़ रही है और इससे किसानों के लिए वैश्विक बाजारों तक पहुंचने के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सात सूत्रीय सुधार रूपरेखा सप्त धारा पेश की। इसमें विनिर्माण, कृषि और खाद्य उत्पादन तथा प्रसंस्करण, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, लॉजिस्टिक, रक्षा, हरित एवं नीली अर्थव्यवस्था (समुद्री अर्थव्यवस्था) तथा सॉफ्ट पावर पर जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पारंपरिक व्यंजनों, मोटे अनाज, मसालों, फलों और फूलों से समृद्ध है और इन्हें दुनिया के सामने पेश किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को वैश्विक ब्रांड बनाया जाना चाहिए।
इनको मिला सम्मान
80वें स्वाधीनता दिवस के मौके पर कृषि सम्बद्ध विभागों में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए कार्मिकों को सम्मानित किया गया। पंत कृषि भवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए आधा दर्जन करीब कर्मचारियों को सम्मानित किया। इनमें सोजतसिटी की कृषि अधिकारी रजनी सिरवी, प्रगतिशील किसान सुरेश कुमार यादव शामिल है। वहीं, बूंदी में आयोजित कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. महेश चौधरी, नागौर में आयोजित कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय की डॉ. निशु जोशी और टोंक जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सीएसडब्ल्यूआरआई के निदेशक डॉ. अरूण कुमार तोमर को सम्बोधित किया।