कृषि मंत्री का एक्शन नकली बीज कम्पनी का किया पर्दाफाश बीज माफियाओ में हड़कंप
कृषि मंत्री का एक्शन नकली बीज कम्पनी का किया पर्दाफाश बीज माफियाओ में हड़कंप
(सभी तस्वीरें- हलधर)बीज के नाम पर किसानोंं को लूटने वाले एक बार फिर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की रड़ार पर है। ताजा मामला है राजधानी से महज 25 किलोमीटर दूर चौमूं क्षेत्र का। जहां बड़ी मात्रा में मूंगफली का अमानक बीज बरामद हुआ है। बीज का गोरखधंधा कितने सालों से चल रहा है, किसकी मिलीभगत से चल रहा है, कितने किसान ठगे गए और कितनी चांदी कूटी गई, ये तो विस्तृत जांच का विषय है। लेकिन, कृषि मंत्री की इस छापेमार कार्यवाही से कृषि विभाग की साख पर भी सवाल उठा है। आखिर, विभागीय अधिकारियों को इस गोरखधंधे की खबर क्यों नहीं लगी। बता दें कि कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने मंगलवार को अपने दल बल के साथ चौमूं के रिको स्थित सिल्वर पार्क पहुंचे और पलभर में दांतो तले अंगुली दबाने जैसा काम कर दिखाया। दरअसल, मीणा ने जहां दबिश दी, वहां मूंगफली बीज का काला खेल चल रहा था। एग्रो जेनिक्स क्रॉप साइंस और जीएम एग्रो इंडस्ट्रीज नाम की इकाइयां घटिया बीज को प्रोसेस कर हाई क्वालिटी बीज में बदल रही थी। शुरूआती कार्यवाही में यह भी सामने आया कि एफ्लाटॉक्सि यानी फंफूदी लगे दोनों को भी बीज बनाया जा रहा था और पैकिंग किया जा रहा था। बताया गया कि इन दोनों इकाईयों में श्री बालाजी एग्रो सीकर ब्रांड नाम से बीज तैयार किया जा रहा था। वो भी, दुर्गापुरा कृषि अनुसंधान संस्थान की मूंगफली किस्म आरजी-510 का। बता दें कि इस मूंगफली किस्म पर किसान का भरोसा जमा हुआ है। इसी का फायदा नक्काल उठा रहे थे। मौके से करीब 60 लाख खाली बोरियां और लगभग 2 लाख मूंगफली की बोरियां बरामद हुईं। निरीक्षण के दौरान मूंगफली से दाना निकालने वाली हाईटेक मशीनें औरं पैकेजिंग बैग सिलाई मशीनें भी बरामद की गईं