ग्रामीण महिलाओं के हुनर की चमक, 100 से ज्यादा स्टॉलों पर उमड़े खरीदार
ग्रामीण महिलाओं के हुनर की चमक, 100 से ज्यादा स्टॉलों पर उमड़े खरीदार
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। राजधानी जयपुर में सजे आठ दिवसीय राजीविका दिवाली मेला-2026 में ग्रामीण महिलाओं का हुनर और उद्यमशीलता खरीदारों को आकर्षित कर रही है। इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान (आईजीपीआरएस) परिसर में आयोजित मेले के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद् (राजीविका) की ओर से आयोजित मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित और स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें कोटा डोरिया की साड़ियां, जयपुर की ब्लू पॉटरी, हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पाद, डोरमैट, कारपेट सहित दिवाली के लिए रंग-बिरंगे दीये, मोमबत्तियां, रंगोली और सजावटी सामान लोगों की पसंद बने हुए हैं। प्राकृतिक खाद्य उत्पादों और पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों के स्टॉल भी खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं। राजीविका के इस मेले के जरिए ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और नए बाजार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ने के साथ स्थानीय कारीगरी और स्वदेशी उत्पादों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
4 नवंबर तक चलेगा मेला: राजीविका दिवाली मेला 4 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। मेले में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।