'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम से युवाओं को दिया स्वस्थ रहने का संदेश
(सभी तस्वीरें- हलधर)कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय ने "फिट इंडिया मूवमेंट" के तहत अन्नदाता फिटनेस राइड थीम पर विशेष साइकिल कार्यक्रम “संडे ऑन साइकिल” आयोजित किया। इसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
यह कार्यक्रम स्टेट ट्रेनिंग सेंटर, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (STC, Sports Authority of India), जोधपुर के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलगुरु प्रोफेसर वी.एस. जैतावत ने की। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल एक पर्यावरण मित्र परिवहन का साधन है, बल्कि यह हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
बीमारियों से मिलेगा छुटकारा
साइकिल चलाने से हृदय रोग, मोटापा और तनाव जैसी बीमारियों से छुटकारा मिल सकता है। यह हमारे जीवन में ऊर्जा और ताजगी का संचार करता है। आज के युग में, जब प्रदूषण और अस्वस्थता आम समस्या बन चुकी है तो ऐसे में साइकिल जैसे साधन का महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह करते हुए कहा कि, वे साइकिल का उपयोग अपनी दिनचर्या में शामिल करें और स्वस्थ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित हो।
जागरूकता का संदेश
इस कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय ने युवाओं में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षक और छात्रगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कदम न केवल फिट इंडिया मूवमेंट को मजबूत करेगा, बल्कि छात्रों के बीच जागरूकता और जिम्मेदारी का संदेश भी फैलाएगा।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में डीन और फैकल्टी चेयरमैन डॉ. जे.आर. वर्मा, डॉ. एस.आर. कुमावत, डॉ. एम.एम. सुंदरिया, डॉ. एस. के मूड, डॉ. महेंद्र कुमार, डॉ. एम.एम. कुमावत सहित अन्य फैकल्टी सदस्य और छात्र मौजूद रहे।