देश में राजस्थान के गेहूं उत्पादकों को सबसे ज्यादा दाम
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर। रा:जस्थान सरकार ने गेहूं उत्पादक किसानों के लिए बड़ी राहत का ऐलान करते हुए इस बार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सबसे अधिक भुगतान सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने के फैसले के बाद अब किसानों को गेहूं बेचने पर कुल 2735 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे, जो देश में सबसे अधिक है। इस संबंध में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सचिवालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में गेहूं खरीद प्रक्रिया-2026 की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध हो।
आधार से होगा राशि भुगतान
मुख्य सचिव ने भारतीय खाद्य निगम, राजफेड, तिलम संघ, नेफेड, एनसीसीएफ और आरएसएफसीएससी जैसी खरीद एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे खरीद केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गेहूं की आवक शुरू होने वाली है, ऐसे में समय पर तुलाई और खरीद कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने आधार आधारित भुगतान प्रणाली को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों के खाते में समय पर राशि पहुंचे, इसके लिए बैंकिंग व्यवस्था सुचारू रखी जाए। साथ ही, खरीद केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
471 केन्द्रों पर होगी खरीद
इस बार राज्य में खरीद केंद्रों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। पिछले वर्ष 327 केंद्रों की तुलना में इस वर्ष 44 प्रतिशत बढ़ाकर 471 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा किसानों की सुविधा के लिए पोर्टल के माध्यम से टाइम स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे किसान अपनी सुविधा के अनुसार फसल कटाई के समय ही बिक्री का स्लॉट तय कर सकते हैं। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि पड़ोसी राज्यों से गेहूं की अवैध आवक को रोकने के लिए सीमा क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। ताकि ,राज्य के किसानों को ही बोनस का लाभ मिल सके।