'ग्राम-2026' और ब्याज मुक्त ऋण योजना से सशक्त होगा प्रदेश का किसान
(सभी तस्वीरें- हलधर)संसदीय कार्य मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में पंचायत समिति आमेर की ग्राम पंचायत अचरोल में 'मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान' के तहत संध्या चौपाल एवं जनसुनवाई का आयोजन हुआ। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को उनके त्वरित व संतोषजनक निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान: सुशासन का विजन
चौपाल को संबोधित करते हुए जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि और किसान कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "जनता की आकांक्षाओं को समझने के लिए फील्ड में जाना जरूरी है। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का समग्र एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना है।"
मंत्री पटेल ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। किसान सम्मान निधि में सहायता राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दिया गया है। किसानों को गेहूं की खरीद पर 150 रुपये का बोनस दिया जा रहा है। 78 लाख किसानों को 52 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ब्याज मुक्त अल्पकालीन फसली ऋण वितरित किया गया है। इस योजना के तहत 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्राम-2026: भविष्य की तैयारी
आगामी 'ग्राम-2026' आयोजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन कृषि क्षेत्र में निवेश और नई तकनीक लाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगा, जिससे प्रदेश का कृषि ढांचा और अधिक मजबूत होगा।