दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए केंद्र स्थापित

नई दिल्ली 13-Mar-2026 12:58 PM

दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए केंद्र स्थापित

(सभी तस्वीरें- हलधर)

राजस्थान में किसानों की दलहन और तिलहन की उपज को समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने के लिए सरकार ने तैयारी कर ली है। अजमेर जिले के सहकारी समितियों के उप-रजिस्ट्रार राजीव कजोट ने बताया कि जिले में किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य पर उपज खरीदने के लिए विभिन्न खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां किसान अपनी उपज बेच सकेंगे। 

जिले में बनाए गए छह खरीद केंद्र 

कृषि उपज की खरीद के लिए जिले में कुल छह प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं। इनमें अजमेर क्रय-विक्रय सहकारी समिति, पीसांगन उपकेंद्र, अरांई क्रय-विक्रय सहकारी समिति, सरवाड़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति, केकड़ी क्रय-विक्रय सहकारी समिति और नसीराबाद क्रय-विक्रय सहकारी समिति शामिल हैं। इन केंद्रों पर किसानों से दलहन और तिलहन की खरीद समर्थन मूल्य पर की जाएगी।

15 मार्च से शुरू होगा पंजीकरण 

आगामी रबी विपणन वर्ष 2026 के लिए दलहन-तिलहन की खरीद के लिए 15 मार्च से किसानों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा। पंजीकरण के बाद निर्धारित केंद्रों पर 25 मार्च से 23 जून तक कुल 90 दिनों की अवधि में किसानों से उपज खरीदी जाएगी।  

चना और सरसों का समर्थन मूल्य तय 

केंद्र सरकार द्वारा रबी सीजन 2026 के लिए चना का समर्थन मूल्य 5875 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों का समर्थन मूल्य 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना और बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव से उन्हें सुरक्षा प्रदान करना है।