फागी में आंवला उत्पादन व मूल्य संवर्धन पर किसान प्रशिक्षण आयोजित
(सभी तस्वीरें- हलधर)जयपुर जिले के फागी में पंच गौरव, एक जिला–एक उपज योजना के तहत आंवले के उत्पादन और उत्पाद मूल्य संवर्धन पर दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 16–17 फरवरी 2026 को पंचायत समिति फागी परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें 100 कृषकों ने भाग लिया।
आंवला उत्पादन व योजनाओं की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर आईएचआईटीसी दुर्गापुरा के चीफ ट्रेनर सत्यनारायण चौधरी ने आंवला उत्पादन की उन्नत तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद उद्यान विभाग, राजस्थान सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनमें मिलने वाले अनुदान के बारे में किसानों को समझाया गया।
आंवला प्रसंस्करण और औषधीय गुणों पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को आंवले से बनने वाले विभिन्न उत्पाद जैसे लड्डू, मुरब्बा, कैंडी, चूर्ण और अचार बनाने की विधियां सिखाई गईं। साथ ही आंवले के उत्पादन, उपभोग, पोषण तत्वों और औषधीय गुणों पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिससे किसानों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़े।
योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान, नवाचारी किसान सम्मानित
कोर्स कोऑर्डिनेटर स्वर्ण लता कुमावत (सहायक कृषि अधिकारी, उद्यान विभाग) ने किसानों से विभाग की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। इस दौरान फागी तहसील के चौरू गांव की मीणा ढाणी के संरक्षित खेती करने वाले नवाचारी किसान को चीफ ट्रेनर सत्यनारायण चौधरी ने अपनी लिखी पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।