जले ट्रांसफार्मर बदलने की व्यवस्था होगी मजबूत, किसानों को मिलेगी परिवहन राशि
जले ट्रांसफार्मर बदलने की व्यवस्था होगी मजबूत, किसानों को मिलेगी परिवहन राशि
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान के ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने महवा विधायक राजेंद्र मीणा के सवाल पर विधानसभा में जवाब देते हुए विधानसभा में बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए डिस्कॉम द्वारा प्रत्येक सब-डिवीजन स्तर पर एक-एक लिफ्टर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसान स्वयं ट्रांसफार्मर का परिवहन कराते हैं, तो उन्हें 700 रुपये का मानदेय बिल में समायोजित कर दिया जाता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा तथा भुगतान में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर विभागीय जांच करवाई जाएगी।
लिफ्टर संवेदक को दी गई जिम्मेदारी
मंत्री नागर ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को लाने, ले जाने और बदलने की जिम्मेदारी संबंधित लिफ्टर संवेदक को सौंपी गई है। कई बार फसल खड़ी होने के कारण किसान 72 घंटे से कम समय में ट्रांसफार्मर बदलवाना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में यदि लिफ्टर खराब हो या उपलब्ध न हो, तो किसान स्वयं परिवहन की व्यवस्था करते हैं। ऐसे मामलों में विभाग 700 रुपये की राशि उपभोक्ता के बिल में समायोजित कर देता है।
भूमिगत बिजली लाइनों पर स्पष्टीकरण
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने का कार्य स्थानीय निकायों द्वारा कराया जाता है। निकायों के अनुरोध पर विद्युत निगम डीपीआर तैयार करता है और निर्धारित राशि जमा होने के बाद ही कार्य शुरू किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवसंरचना स्थापित होने के बाद भूमिगत लाइन का कार्य विद्युत निगम नहीं करता। खराब या क्षतिग्रस्त लाइनों के मामले में पूर्व में हुए घटिया कार्यों की शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महवा में कृषि कनेक्शन की स्थिति
मंत्री नागर ने बताया कि महवा विधानसभा क्षेत्र में 5 जनवरी 2026 तक जमा मांगपत्र वाले 242 कृषि कनेक्शन लंबित हैं। उपलब्ध संसाधनों के आधार पर प्राथमिकता के अनुसार कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 22 फरवरी 2022 के बाद के सामान्य श्रेणी के 1002 आवेदकों को नई कट-ऑफ डेट घोषित होने के बाद कनेक्शन दिए जाएंगे।
योजनाओं में प्राथमिकता से कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि कृषि नीति-2017 (संशोधित 31 जनवरी 2022) के तहत अनुसूचित जाति व अन्य योजनाओं-बूंद-बूंद, फव्वारा, डिग्गी आदि के मांग-पत्र तुरंत जारी कर प्राथमिकता से कनेक्शन दिए जा रहे हैं। महवा क्षेत्र में जले ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए फिलहाल संविदाकार के माध्यम से तीन लिफ्टर कार्य कर रहे हैं।
Read: ‘भारत विस्तार’ लॉन्च, अब किसानों को फोन पर मिलेगी AI से सलाह
Read: पश्चिमी विक्षोभ का असर: बारिश और ओलों से रबी फसलें चौपट, 13 जिलों में अलर्ट