खेती का भविष्य देखने उमड़े लोग! कृषि मंडप में दिखे गजब के नवाचार 

नई दिल्ली 16-Nov-2026 12:34 PM

खेती का भविष्य देखने उमड़े लोग! कृषि मंडप में दिखे गजब के नवाचार 

(सभी तस्वीरें- हलधर)

नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से प्रगति मैदान में लगाया गया कृषि मंडप लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।कृषि मंडप 27 नवंबर तक प्रतिदिन खुला रहेगा। मेले का उद्देश्य आम लोगों को आधुनिक कृषि से जोड़ने के साथ किसानों तक नई तकनीकों, नवाचारों और बाजार से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी पहुंचाना है

मंडप में किसानों, कृषि विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और शहरी आगंतुकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। मंडप की थीम किसानों को सशक्त बनाने और खेती को तकनीक आधारित, लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने पर केंद्रित है। यहां डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत एग्रीस्टैक, डिसीजन सपोर्ट सिस्टम और एआर-वीआर आधारित डिजिटल फसल सर्वेक्षण का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, दलहन मिशन और तिलहन विकास से जुड़ी पहल भी प्रदर्शित की गई हैं।

मंडप में मोटे अनाज (मिलेट्स) के लिए विशेष जोन बनाया गया है, जहां इनके बीजों के नमूने, पोषण संबंधी खूबियों और उनसे तैयार उत्पादों की जानकारी दी जा रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को मिलने वाले सुरक्षा कवच तथा 'पर ड्रॉप मोर क्रॉप' के तहत सूक्ष्म सिंचाई और जल संरक्षण की तकनीकों को भी प्रदर्शित किया गया है।

एफपीओ के उत्पादों ने खींचा ध्यान

किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और ई-नाम नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न राज्यों के कृषि उत्पादों को मंच मिला है। पंपोर एफपीओ का कश्मीरी केसर, कहवा और एसेंशियल ऑयल, हरगांव का विभिन्न स्वादों वाला गुड़ तथा दसूहा एफपीओ का काला चावल और बासमती आकर्षण बने हुए हैं। वहीं मेघालय के एफपीओ ने लाकाडोंग हल्दी, बांस के अंकुर का अचार और फलों से बने उत्पाद प्रदर्शित किए हैं।

लाइव प्रदर्शन से समझ रहे आधुनिक खेती

नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड की ओर से हाइड्रोपोनिक खेती, कोको प्रसंस्करण तथा नेशनल बी बोर्ड की ओर से मधुमक्खी पालन और शहद निकालने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अलावा कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग, पेस्ट सर्विलांस सिस्टम, मोबाइल ऐप और आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी भी दी जा रही है।


ट्रेंडिंग ख़बरें