5 बीघा से 50 बीघा तक का सफर, सब्जी खेती से सालाना 12 लाख की कमाई
(सभी तस्वीरें- हलधर)
दोलपुरा, राजसमंद। ... रास्ते आवाज देते है , सफर जारी रखो। खेती में शायद इसी सफर का परिणाम है कि अब किसान रामचंद ्रमाली सालाना 10-12 लाख रूपए का शुद्ध मुनाफा सब्जी फसल उत्पादन से प्राप्त कर रहे है। जबकि, पहले सालाना 2-3 लाख रूपए की आमदनी मिलती थी। उनका कहना है कि 5 बीघा जमीन से शुरू हुआ सब्जी फसल उत्पादन का सफर 50 बीघा जमीन अपने नाम कर चुका है। किसान रामचंद्र ने हलधर टाइम्स को बताया कि आठवीं पास करने के साथ ही पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद से खेतों से आजीविका चला रहा हॅू। उन्होंने बताया कि पहले खेती से ज्यादा लाभ नहीं मिलता था। इस स्थिति को देखते हुए डेढ़ दशक पूर्व 5 बीघा जमीन से सब्जी फसल उत्पादन का रूख किया। कम समय में मुनाफा अच्छा मिला तो समय के साथ सब्जी फसलों का रकबा बढ़ाता रहा। परिणाम रहा कि अब परम्परागत फसलों का उत्पादन परिवार की आवश्यकता पूर्ति के लिए ही कर रहा हॅू। बता दें कि किसान रामचंद्र के पास स्वयं की जमीन 30 बीघा है। जबकि, 20 बीघा जमीन लीज पर ली हुई है। उन्होंने बताया कि सिंचाई के लिए मेरे पास 3 कुएं है। विद्युत बचत के लिए सोलर पंप लगाया हुआ है। परम्परागत फसलों में गेहूंं, मक्का, मूंगफली का उत्पादन लेता हॅॅू। इन फसलों से सालाना डेढ़ से दो लाख रूपए की आमदनी मिल जाती है।
5 बीघा से सब्जी उत्पादन
उन्होंने बताया कि सब्जी उत्पादन से जुड़े हुए डेढ़ दशक हो चुका है। 5 बीघा से शुरू हुआ सब्जी फसलों का दायरा 45-50 बीघा तक पहुंच चुका है। सब्जी फसलों में पत्तागोभी, फूलगोभी, धनिया, मेथी, गाजर, करेला, हरा प्याज शामिल है। खर्च निकालने के बाद सालाना 10-12 लाख रूपए की शुद्ध बचत हो जाती है।
पशुपालन से भी कमाई
पशुधन में मेरे पास 3 गाय है। प्रतिदिन 20 लीटर दुग्ध का उत्पादन मिल रहा है। इसमें से एक समय का दुग्ध डेयरी को 40-45 रूपए प्रति लीटर की दर से बिक्री कर देता हॅू। इससे मासिक 7-8 हजार रूपए का लाभ मिल जाता है। उन्होने बताया कि पशु अपशिष्ट से वर्मी और कम्पोस्ट खाद तैयार करके उपयोग कर रहा हॅू।
स्टोरी इनपुट: दिनेशलाल रेगर, सहा. कृषि अधिकारी, आमेट