जयपुर में सजेगा 'ग्राम-2026' का महाकुंभ, मिलेगी खेती को नई पहचान
(सभी तस्वीरें- हलधर)संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने जोधपुर जिले की लूणी विधानसभा क्षेत्र के डोली ग्राम पंचायत में 'ग्राम रथ' का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों और पशुपालकों को जयपुर में आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (GRAM-2026) के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें इस महाकुंभ से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
किसानों की उन्नति ही प्रदेश की समृद्धि का आधार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोगाराम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि और पशुपालन के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा, "तकनीक और निवेश के माध्यम से राजस्थान में खुशहाली का नया अध्याय शुरू होगा। जब हमारा किसान उन्नति करेगा, तभी प्रदेश समृद्ध बनेगा।"
उन्होंने बताया कि 'ग्राम-2026' के माध्यम से राजस्थान में फूड प्रोसेसिंग उद्योग, एग्रो-पार्क और कृषि निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।
23 से 25 मई तक जयपुर में सजेगा 'ग्राम-2026' का मंच
मंत्री ने बताया कि आगामी 23 से 25 मई, 2026 तक जयपुर में इस भव्य एग्रीटेक मीट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आधुनिक तकनीक, ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित खेती और कोल्ड चेन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इस दौरान देश-विदेश के निवेशक, कृषि वैज्ञानिक, स्टार्टअप्स और नीति निर्माता एक ही मंच पर जुटेंगे। जिससे प्रदेश के किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों और नई तकनीकों से सीधे रूबरू हो सकेंगे।