केंद्र सरकार के इस फैसले से प्रदेश के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

नई दिल्ली 14-Nov-2025 04:53 PM

केंद्र सरकार के इस फैसले से प्रदेश के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

(सभी तस्वीरें- हलधर)

केंद्र सरकार के एक फैसले से प्रदेश के लाखों किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के किसानों से जुड़े अनुरोध को केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है। दरअसल, ये मामला मनरेगा में टांका निर्माण से जुड़ा हुआ है। अब महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत फार्म पॉण्ड श्रेणी में टांका निर्माण के कार्य किए जा सकेंगे। इस मामले के संबंध में प्रदेश के सीएम भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को अवगत कराया था, जिसे केंद्रीय कृषि मंत्री ने स्वीकार कर लिया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने गत माह केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री से मुलाकात कर निजी कृषि भूमि पर टांका निर्माण कार्य पूर्व की भांति जारी रखने का अनुरोध किया था। 

टांका निर्माण कार्य फार्म पॉण्ड श्रेणी में किया जा सकेगा

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र के माध्यम से, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अवगत करवाया है कि व्यक्तिगत लाभार्थियों के लिए फार्म पॉण्ड का निर्माण, महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत अनुमत कार्य है। योजना से संबंधित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए व्यक्तिगत लाभार्थियों के लिए टांका निर्माण कार्य को फार्म पॉण्ड श्रेणी के तहत किया जा सकता है। केंद्र सरकार की ओर से नियमों में छूट मिलने से प्रदेश के लाखों किसानों को इसका फायदा मिल सकेगा। 

टांका निर्माण आजीविका के लिए सस्ता और टिकाऊ समाधान

सीएम भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लाखों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि राज्य और केन्द्र की डबल इंजन की सरकार कृषि क्षेत्र में निरंतर दूरगामी निर्णय ले रही है, जिससे किसानों का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि रेगिस्तानी जिलों में टांका निर्माण जल सुरक्षा, कृषि विकास और जलवायु अनुकूल आजीविका के लिए अत्यन्त उपयोगी, सस्ता और टिकाऊ समाधान है।

Read: खरीफ के बाद रबी की बंपर फसल ने बढ़ाई चिंता, जानिए किसान क्यों हैं परेशान?


ट्रेंडिंग ख़बरें