खरीफ 2026 के लिए केंद्र का बड़ा कृषि प्लान: राज्यों को मिला स्पष्ट रोडमैप

नई दिल्ली 29-May-2026 04:44 PM

खरीफ 2026 के लिए केंद्र का बड़ा कृषि प्लान: राज्यों को मिला स्पष्ट रोडमैप

(सभी तस्वीरें- हलधर)

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ 2026 सीजन को लेकर राज्यों के साथ अहम बैठक में कृषि क्षेत्र के लिए स्पष्ट और सख्त रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहा कि अब समय किसान हित में तेज़ फैसले लेने और योजनाओं को ज़मीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने का है।

केंद्रीय मंत्री ने राज्यों से अपील करते हुए कहा
बीज से लेकर बाजार तक पूरी कृषि व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक, कीटनाशक और बेहतर विपणन सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि “टीम इंडिया” के रूप में केंद्र और राज्य मिलकर कृषि विकास को नई रफ्तार देंगे। शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि खेती को सही दिशा, किसानों को सुरक्षा और कृषि व्यवस्था में पारदर्शिता देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नकली बीज, घटिया कीटनाशक और प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत देते हुए कहा कि अब ऐसी गड़बड़ियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने सभी राज्यों को निर्देश दिए
वे अपने-अपने स्तर पर कृषि रोडमैप तैयार करें और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीक, सिंचाई, बाजार और वित्तीय सहायता से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। बैठक में   शिवराज सिंह चौहान ने 1 जून से शुरू होने वाले “खेत बचाओ अभियान” को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों, कृषि विभागों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से यह अभियान खेती और फसलों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी  की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी राज्यों को कृषि क्षेत्र में जरूरी रिफॉर्म लागू करने चाहिए और किसानों के लिए नियमों को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाना चाहिए।

कृषि मंत्रालय का मानना है
समय रहते सुधार और बेहतर समन्वय के जरिए खरीफ 2026 सीजन को किसानों के लिए अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।


ट्रेंडिंग ख़बरें