‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान गोष्ठी का सफल आयोजन

नई दिल्ली 04-Jun-2026 05:06 PM

‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान गोष्ठी का सफल आयोजन

(सभी तस्वीरें- हलधर)

श्रीगंगानगर, 4 जून। पंचायत समिति श्रीगंगानगर के गांव ओड़की में आत्मा योजनान्तर्गत "खेत बचाओ अभियान" के तहत आयोजित एक दिवसीय खरीफ किसान गोष्ठी में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने खरीफ सीजन की बेहतर तैयारी, उन्नत बीजों के उपयोग तथा फसल सुरक्षा के उपायों पर मार्गदर्शन दिया।

प्राकृतिक खेती और नवाचार अपनाने पर जोर
उप परियोजना निदेशक (आत्मा) सुदेश कुमार ने किसानों को जीवामृत, बीजामृत, दशपर्णी और नीमास्त्र जैसी प्राकृतिक खेती की तकनीकों के महत्व से अवगत कराया। साथ ही आत्मा योजना के तहत कृषक प्रशिक्षण, भ्रमण, पुरस्कार और किसान मेलों में भाग लेकर नई तकनीकों को अपनाने तथा आय बढ़ाने की सलाह दी।

किचन गार्डनिंग से स्वस्थ परिवार का संदेश
सहायक निदेशक उद्यान  प्रदीप शर्मा ने उद्यान विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए किचन गार्डनिंग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घर पर उगाई गई गुणवत्तापूर्ण सब्जियां परिवार के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनावश्यक खर्चों में भी कमी लाती हैं।

रोग प्रबंधन और फसल सुरक्षा पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
कृषि अनुसंधान अधिकारी  दुष्यंत ने खरीफ फसलों में लगने वाले रोगों एवं उनके प्रभावी नियंत्रण के उपाय बताए। वहीं कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किसानों को कीट प्रबंधन, फसल सुरक्षा और वैज्ञानिक खेती के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।


ट्रेंडिंग ख़बरें