किसान और पशुपालकों के लिए सरकार का बड़ा विजन, नई योजनाओं से मिलेगी ताकत

नई दिल्ली 09-May-2026 02:33 PM

किसान और पशुपालकों के लिए सरकार का बड़ा विजन, नई योजनाओं से मिलेगी ताकत

(सभी तस्वीरें- हलधर)

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीकर जिले में खण्डेला के ग्राम जाजोद में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब किसान मजबूत होगा तो गांव, प्रदेश और देश खुशहाल बनेगा। वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसान कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से कृषक लाभान्वित हो रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान और आर्थिक सशक्तीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए किसान अपनी पैदावार बढ़ाने के लिए उन्नत और आधुनिक खेती को अपनाएं। हमारी सरकार ने किसानों को मिलने वाली 6 हजार रुपये की सम्मान निधि को बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया है और इसे आगे भी बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जाएगा।  

पशुपालक बनेंगे मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पशुपालकों को मजबूत बनाने के लिए गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना की सौगात दी है। पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल यूनिट की सुविधा शुरू की है। किसानों को बीज किट दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक खेती के तरीके सीखने के लिए कृषि पर्यवेक्षकों से संपर्क स्थापित करें। मृदा का परीक्षण करवाएं, ग्रीन हाउस खेती को अपनाएं।  

विभिन्न परियोजनाओं पर काम

उन्होंने कहा कि किसानों की सिंचाई जरूरतों की पूर्ति के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना के कार्यों को गति प्रदान की है। वहीं, शेखावाटी क्षेत्र के लिए युमना जल समझौता किया है, जिसे मूर्त रूप देने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। इंदिरा गांधी नहर परियोजना एवं गंगनहर के लिए पर्याप्त बजट दिया है। पूरे प्रदेश में किसानों की जल आवश्यकता की पूर्ति के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। किसान पीएम कुसुम योजना से जुड़कर अन्नदाता के साथ ऊर्जा दाता भी बने। प्रदेश जीरा, ईसबगोल, सरसों, धनिया जैसी फसलों के उत्पादन में देश में अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फसलों से जुड़ी प्रोसेसिंग यूनिट खुलने से स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसान आर्थिक रूप से समृद्ध बनेगा। सहकारिता क्षेत्र को भी मजबूत बनाया जा रहा है, नवीन पैक्स खोले जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राइजिंग राजस्थान का आयोजन किया। अब तक लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। जिससे युवाओं को रोजगार मिलने की राह आसान हुई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर रही है। पेपरलीक के आरोपियों को पकड़ा गया है। अब तक सवा लाख से अधिक पदों पर युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए हैं।

दुग्ध उत्पादन क्षेत्र बनेगा मजबूत

उन्होंने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए भी काम किया जा रहा है। इसके लिए दूध संकलन केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जा रही है। किसानों को मजबूत बनाने के लिए 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कृषि वैज्ञानिक, अनुसंधानकर्ता और उद्यमी सम्मिलित होंगे। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में किसान इस आयोजन से जुड़ें।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान फलदार वृक्ष भी लगाएं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी हो सके। राज्य सरकार ने भी हरियालो राजस्थान के तहत पिछले 2 वर्षों में सघन वृक्षारोपण का अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन जिलों में चंदन वन विकसित किए जाएंगे।
 
कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी की धरती वीर सपूतों की धरती है। देश की रक्षा के लिए यहां के सपूतों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। कार्यक्रम में पद्मश्री सुंडाराम वर्मा ने जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए नवाचार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने किसानों से जल संरक्षण, तारबंदी, जैविक खेती, फार्म पोंड, ग्रीन हाउस, वर्मी कम्पोस्ट, कृषि संयंत्र अनुदान एवं बागवानी से जुड़े विषयों पर चर्चा कर राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान प्रगतिशील किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। 


ट्रेंडिंग ख़बरें