किसानों को झटका, गेहूं खरीद की तारीख पर हुआ बड़ा बदलाव
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान सरकार ने हाड़ौती सहित प्रदेश में गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की अवधि एक माह कम कर दी है। जहां यह तारीख 30 जून होती थी वहीं इस बार गेहूं खरीद 31 मई कर दी गई है। इस फैसले को देखते हुए किसान संगठनों ने गेहूं खरीद की तिथि पहले के ही तरह 30 जून रखने की मांग उठाई है।
सस्ते दामों पर बिक रहा गेहूं
सूत्रों की माने तो गेहूं खरीद का लक्ष्य मई में ही पूरा हो जाएगा। जिसकी वजह से खरीद की तिथि घटाई गई है। कोटा में 6 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है। मई तक किसानों की ऑनलाइन बुकिंग हो गई है। लेकिन जो किसान अब बुकिंग करवाना चाहते हैं, उनकी पोर्टल पर बुकिंग नहीं हो रही है। इस वजह से किसान सस्ते दामों में ही मंडियों में गेहूं बेचने पर मजबूर हो रहे हैं।
बढ़ेगा खरीद का उद्देश्य
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर खाद्य विभाग ने राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को दस लाख मीट्रिक टन गेहूं एमएसपी पर खरीद का लक्ष्य बढ़ाने का प्रस्ताव भेज दिया है। केंद्र की हरी झंडी के बाद खरीद का उद्देश्य बढ़ेगा।