फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, बढ़ेगी किसानों की मुश्किलें
(सभी तस्वीरें- हलधर)अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उथल-पुथल का सीधा असर भारतीय बाजारों में दिखाई दे रहा है। सरकारी तेल कंपनियों ने फिर एक बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढोतरी कर दी है। हफ्ते भर में यह दूसरी बार बढ़ोतरी है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। बीते शुक्रवार को तेल कंपनियों ने लगभग 3 रुपये प्रति लीटर एक दाम बढ़ाए थे लेकिन आज फिर लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की नई बढ़ोतरी की गई है।
किसानों में बढ़ी परेशानी
डीजल की कीमतों में हो रही लगातार बढ़ोतरी से किसानों की मुश्किलें पैदा हो रही हैं। देश के कई हिस्सों में लू और भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में खेतों में सिंचाई के लिए डीजल से चलने वाले पंप और जनरेटर का इस्तेमाल बढ़ने लगता है। डीजल महंगा होने से सिंचाई की लागत में भी बढ़ोतरी होगी, जिसका असर खेती की कुल लागत पर पड़ेगा।
खासतौर से उन किसानों पर दबाव ज्यादा बढ़ सकता है, जहां बिजली आपूर्ति कमजोर है और सिंचाई के लिए डीजल इंजन पर निर्भरता ज्यादा रहती है। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच बढ़ते डीजल दाम किसानों का बजट बिगाड़ सकते हैं।