पूर्व नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शुरू हुआ ये अनोखा मिशन
(सभी तस्वीरें- हलधर)जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब बदलाव की नई तस्वीर उभर रही है। “ट्री मैन ऑफ इंडिया” के नाम से प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता विष्णु लाम्बा के नेतृत्व में “नक्सल ग्रीन मिशन” के तहत पूर्व नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा रहा है। श्री कल्पतरु संस्थान द्वारा संचालित यह अभियान “Guns to Green” यानी “विनाश से विकास” की अवधारणा पर आधारित है। इसके तहत आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों को “वन मित्र”, “वन बंधु” और “तरु सखी” बनाकर वृक्षारोपण और जैव विविधता संरक्षण में लगाया जा रहा है।
हर हाथ में पौधा, हर दिल में जिम्मेदारी
अभियान के अंतर्गत “एक व्यक्ति–एक वृक्ष–एक जिम्मेदारी” का संकल्प दिलाया जा रहा है। सामूहिक वृक्षारोपण, ग्रीन एंबेसडर कार्यक्रम और सम्मान समारोह के जरिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। यह पहल न केवल हरियाली बढ़ा रही है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच भी विकसित कर रही है।
नक्सल मुक्त भारत की दिशा में कदम
यह मिशन ऐसे समय में चल रहा है, जब देश में नक्सल उन्मूलन के प्रयास तेज हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा 31 मार्च, 2026 तक भारत को माओवाद मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में यह अभियान शांति और विकास की दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है।
पहले भी सफल रहा है मॉडल
आपको बता दें कि पर्यावरण कार्यकर्ता विष्णु लाम्बा पहले चंबल के दस्युओं को भी पर्यावरण संरक्षण से जोड़ चुके हैं। अब वे छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में पूर्व नक्सलियों को हरियाली के मिशन से जोड़कर नई मिसाल कायम कर रहे हैं।
सकारात्मक बदलाव की नई कहानी
“नक्सल ग्रीन मिशन” संघर्ष से संरक्षण की ओर बढ़ता एक अनूठा कदम है, जो समाज में शांति, विकास और पर्यावरण संतुलन की नई दिशा तय कर रहा है। यह पहल साबित करती है कि सही मार्गदर्शन से बदलाव संभव है।