खाद के लिए अब नहीं लगानी पड़ेगी लाइन! राजस्थान में लॉन्च हुआ FSAS ऐप

नई दिल्ली 26-Jun-2026 12:44 PM

खाद के लिए अब नहीं लगानी पड़ेगी लाइन! राजस्थान में लॉन्च हुआ FSAS ऐप

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर, 25 जून। राजस्थान के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब अनुदानित खाद लेने के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। राज्य सरकार ने फर्टीलाइजर सेल्स एप्लीकेशन सिस्टम (FSAS) ऐप लॉन्च कर दिया है, जिसके जरिए किसान अपने मोबाइल से ही उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। कृषि विभाग के आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र, राजसमंद में इस नई डिजिटल व्यवस्था का शुभारंभ किया। फिलहाल इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर राजसमंद और सिरोही जिलों में लागू किया गया है।

क्या है FSAS ऐप की खासियत?

फार्मर आईडी के आधार पर मिलेगा अनुदानित उर्वरक।
मोबाइल से घर बैठे खाद की बुकिंग की सुविधा।
लंबी कतारों और समय की बर्बादी से मिलेगी राहत।
उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमित वितरण पर लगेगी रोक।
वास्तविक किसानों तक समय पर खाद पहुंचाने में मिलेगी मदद।

कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को पारदर्शी, सुगम और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह नई व्यवस्था उर्वरक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद एडीएम नरेश बुनकर ने इसे किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि तकनीक के माध्यम से किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। वहीं, अतिरिक्त निदेशक कृषि निरंजन सिंह राठौड़ ने FSAS को कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि इससे खाद वितरण प्रणाली अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनेगी।


ट्रेंडिंग ख़बरें