पशु चिकित्सालय का उद्घाटन, पशुपालन मंत्री ने प्रदेश के लिए कही ये बात

नई दिल्ली 27-Dec-2025 07:08 PM

पशु चिकित्सालय का उद्घाटन, पशुपालन मंत्री ने प्रदेश के लिए कही ये बात

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। राज्य के पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि भारत में 536 मिलियन से अधिक पशुधन है, जो दुनिया में सबसे अधिक है। प्रदेश में लगभग 70 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों की आय, भोजन और सुरक्षा के लिए पशुओं पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मानव के साथ-साथ जानवरों की सेहत का भी ध्यान रख रही है। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने शनिवार को पाली में पुन:निर्मित फुटरमल गुलाबचंद कोठारी राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय भवन के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए ये बात कहीं। इस अवसर पर मंत्री कुमावत ने फीता काटकर पुन:निर्मित भवन का उद्घाटन किया। 

प्रदेश में पशु चिकित्सा व्यवस्था को किया जा रहा सुदृढ 

पशुपालन मंत्री कुमावत ने कहा कि प्रदेश में पशु चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ किया जा रहा है। इसमें न केवल पशु चिकित्सा क्षेत्र में नई भर्तियां की जा रही हैं, बल्कि चिकित्सालयों को क्रमोन्नत करने के साथ-साथ इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम में पशुपालन मंत्री ने पशुपालकों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इस दौरान मंत्री कुमावत ने चिकित्सालय भवन परिसर में स्थापित फुटरमल जी गुलाबचंद कोठारी की मूर्ति का अनावरण भी किया। साथ ही, भवन परिसर में पौधारोपण कर कोठारी शीतल जल ग्रह का भी उद्घाटन किया।

साथ ही दो दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का उदघाटन भी पशुपालन मंत्री कुमावत ने किया गया। इस मौके पर कोसेलाव के भामाशाह परिवार ने पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत को भी सम्मानित किया। इस दौरान कोठारी परिवार ने पशु चिकित्सालय के लिए कम्यूटर मय प्रिंटर भी दान स्वरूप भेंट किया।