कम जमीन में आम बागवानी से किसान की बढ़ी रिकॉर्ड सालाना आय

नई दिल्ली 11-Jul-2026 12:44 PM

कम जमीन में आम बागवानी से किसान की बढ़ी रिकॉर्ड सालाना आय

(सभी तस्वीरें- हलधर)

सावा, चित्तौडग़ढ़। खेतों की आय से पहले परिवार का खर्च भी नहीं निकलता था। लेकिन, आम की बागवानी ने जिंदगी में मिठास भर दी है। वहीं, सब्जी उत्पादन के साथ-साथ पशुपालन भी लाभकारी साबित हो रहा है। उनका कहना है कि सालाना 14-15 लाख रूपए की आमदनी मिलने लगी है। जबकि, परम्परागत फसल उत्पादन में कभी लाभ का आंकड़ा निकला ही नहीं। किसान रामनारायण ने हलधर टाइम्स को बताया कि मेरे पास 6 बीघा जमीन है। यह जमीन ही परिवार की रहगुजर का साधन है। उन्होंने बताया कि 12वीं पास करने के साथ ही खेती से जुड़ गया। शुरूआत में कुछ समझ नहीं आया। लेकिन, आय बढौत्तरी के लिए पहले पशुपालन को सरसब्ज किया। इससे मिली राशि से आम का बगीचा स्थापित किया। परिणाम रहा कि अब दो पैसे की बचत के लिए सोचना नहीं पड़ता। क्योंकि, आमदनी लाखों में होने लगी है। उन्होंने बताया कि जमीन का रकबा कम होने से अब परम्परागत फसल का उत्पादन परिवार की आवश्यकता पूर्ति तक ही सीमित हो गया है। उन्होंने बताया कि सिंचाई के लिए मेरे पास ट्यूबवैल है।

8 साल का बगीचा

उन्होंने बताया कि आय बढाने के लिए 8 साल पहले 4 बीघा जमीन में आम का बगीचा स्थापित किया। इसमें बादाम, तोतापुरी, मल्लिका, लगंड़ा सहित कई आम किस्में शामिल है। उन्होंने बताया कि आम के पौधों से बेहत्तर उत्पादन मिलने लगा है। पिछले साल बगीचे से साढे पांच लाख रूपए की सकल आमदनी हुई है।

सब्जी से डेढ़ लाख

उन्होंने बताया कि एक बीघा जमीन में सब्जी फसलो का उत्पादन लेता हॅू। सब्जी फसल में लौकी, तुरई, मिर्च और टमाटर शामिल है। इन फसलों से खर्च निकालने के बाद सालाना डेढ़ लाख रूपए की बचत मिल जाती है। उन्होंने बताया कि परम्परागत फसल में गेहंू और मक्का के साथ चारा फसल शामिल है।

रोजाना क्विंटल दुग्ध का उत्पादन

उन्होंने बताया कि पशुधन में मेरे पास 3 गाय और 8 भैंस है। प्रतिदिन एक क्विंटल दुग्ध का उत्पादन होता है। दुग्ध की बिक्री 70-80 रूपए प्रति लीटर की दर से डेयरी को कर रहा हॅू। इससे प्रतिदिन 4-5 हजार रूपए की आमदनी मिल जाती है। उन्होंने बताया कि पशुओं के लिए आधा बीघा क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से आवास बनाया हुआ है। पशु अपशिष्ट से वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार करके उपयोग में ले रहा हॅू।


ट्रेंडिंग ख़बरें