गिर गायों के दूध और घी से हर महीने 45 हजार की कमाई
(सभी तस्वीरें- हलधर)
कोदूकोटा, भीलवाड़ा। डेयरी से सम्पन्नता का सपना किसान की मेहनत, तकनीक और नवाचार की ललक से ही साकार होता है। यह कहना है उच्च शिक्षित युवा विकास जैन का। विकास गिर डेयरी के जरिये अपने साथ-साथ कृषि मजदूरों का विकास करने में जुटे हुए है। एक गाय से गौपालन का सफर शुरू करने वाले विकास के पास गिर गायों का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। वहीं, उपभोक्ताओं को भी ए-2 मिल्क उपलब्ध हो रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि विकास दुग्ध की गुणवत्ता को उत्तम बनाने के लिए गायों को जैविक चारा खिला रहे है। इसी का परिणाम है कि घी 2200 रुपए प्रति किलो की दर से बिक्री हो रहा है। जबकि, दुग्ध बिक्री से प्रतिमाह 30-32 हजार रुपए का शुद्ध लाभ मिल रहा है। गौपालक विकास जैन ने बताया कि पढ़ाई के दौरान देहरादून में मुझे एक प्रोजेक्ट ने गौपालन के लिए प्रोत्साहित किया। गौरतलब है कि विकास इंटरनेशनल एक्सपोर्ट बिजनेस में स्नातकोत्तर करने के बाद गौपालन से जुड़े है। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान मिला आइडिया पढ़ाई ख़त्म होने के बाद भी दिमाग में रहा। हालाँकि, समय के साथ कृषि स्टार्टअप के कई आइडिये दिमाग में आये। लेकिन, परिवारजनों की रूचि के चलते मैंने वर्ष 2018 में एक गीर गाय के जरिये ए-2 मिल्क का व्यवसाय शुरू किया। दुग्ध की डिमांड बढ़ी तो पशुधन की संख्या भी बढ़ती गई। उन्होंने बताया कि परिवार के पास 6 बीघा कृषि भूमि है। इस पर जैविक चारा फसलों का उत्पादन कर रहा हूँ। गायों को यह चारा खिलाने से दुग्ध गुणवत्ता को लेकर कभी कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि दुग्ध का विपणन पॉली पैक में किया जा रहा है। जल्द ही, प्लास्टिक बोतल में दुग्ध की बिक्री शुरू करूंगा।
एक से दर्जन हुई गाय
उन्होंने बताया कि एक गाय के जरिये गौपालन का सफर शुरू किया था। पहले अपने दोस्तों को ए-2 मिल्क का स्वाद चखाया। बाद में उपभोक्ता जुड़ना शुरू हुए। मांग पूर्ति के लिए गायों की संख्या बढ़ाता गया। इसी का परिणाम है कि गिर गायों की संख्या एक दर्जन तक पहुँच गई है। प्रति दिन 70 लीटर दुग्ध का उत्पादन मिल रहा है। दुग्ध का विपणन 65 रुपए प्रति लीटर की दर से कर रहा हूँ। वही, बिक्री से शेष रहने वाले दुग्ध से घी तैयार कर रहा हूँ। घी की बिक्री 2200 रुपए प्रति किलो की दर से कर रहा हूँ। इस तरह दुग्ध और घी से प्रतिमाह 40-45 हजार रुपए का शुद्ध लाभ मिल रहा है। गौरतलब है कि विकास दुग्ध के साथ-साथ 'रेडी टू ईट' की दिशा में भी काम कर रहे है।
जैविक चारा, उन्नत आवास
पशुओं के लिए खेत पर ही वैज्ञानिक तरीके से शेड का निर्माण करवाया हुआ है। पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर कृषि विज्ञान केंद्र, भीलवाड़ा के वैज्ञानिकों का सहयोग लेता हूँ। वहीं, पशु आहार में भी वैज्ञानिक सलाह के अनुसार बदलाव करता रहता हूँ। उन्होंने बताया कि स्वयं के पास तेल की घाणी है। इसमें सरसों, मूंगफली, तिल, अलसी आदि फसलों का कच्ची घाणी तेल निकालकर बिक्री किया जाता है। इनसे निकलने वाली खल पशु आहार के रूप में काम आ जाती है। वही, मंडी से अनाज ख़रीद कर घर पर ही दाना तैयार करता हूँ।