7 फरवरी को लगेगा विशेष कृषि शिविर, कई विभाग देंगे जानकारी
(सभी तस्वीरें- हलधर)प्रदेश के खैरथल-तिजारा जिले में ग्राम-2026 (Global Rajasthan Agri-Tech Meet-2026) के तहत विभिन्न गिरदावर सर्किलों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 7 फरवरी को मुंडावर तहसील के अटल सेवा केंद्र, सोड़ावास में विशेष शिविर आयोजित होगा। यह शिविर कार्यक्रम के आठवें दिन आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा आयोजन
जानकारी के अनुसार, ये विशेष शिविर प्रत्येक गिरदावर वृत्त पर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को तुरंत लाभ दिलाना है, ताकि किसानों और ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कई विभागों की संयुक्त भागीदारी
इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, पीएम किसान सम्मान निधि, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और राजस्व विभाग सहित कई विभागों की सहभागिता रहेगी। संबंधित अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर योजनाओं की जानकारी देंगे और आवेदन से जुड़े कार्य भी करेंगे।
ग्रामीणों को एक ही मंच पर मिलेंगी सेवाएं
प्रशासन ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर ग्रामीणों को त्वरित और प्रभावी सेवाएं प्रदान करना है। इससे किसानों, पशुपालकों और अन्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा और उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाएगा।