कृषि क्षेत्र के लिए राज्य सरकार का बड़ा ऐलान, जल्द अनुदान भी मिलेगा

नई दिल्ली 03-Dec-2025 07:10 PM

कृषि क्षेत्र के लिए राज्य सरकार का बड़ा ऐलान, जल्द अनुदान भी मिलेगा

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। राज्य सरकार ने प्रदेश के किसानों के लिए कई नई घोषणाएं करते हुए महत्वपूर्ण पहल की है। सरकार ने राज्य में अनियमित एवं अनिश्चित वर्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अहम फैसले लिए हैं। इसमें वर्षा जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण एवं उपयोग को सुनिश्चित करना भी शामिल है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि राज्य सरकार ने 25 हज़ार फार्म पॉण्ड, 10 हज़ार डिग्गी और गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के तहत 50 हज़ार स्थायी वर्मीकम्पोस्ट इकाइयों के निर्माण की घोषणा की है। सरकार के इन प्रयासों का उद्देश्य सिंचित क्षेत्र में वृद्धि, फसलों की जीवन रक्षक सिंचाई की उपलब्धता और फसल उत्पादन व किसानों की आय में वृद्धि करना शामिल है।

75 हज़ार किसानों के खेतों पर होगी तारबंदी

कृषि मंत्री मीणा ने कहा कि राज्य में लघु एवं सीमांत किसानों को बैलों से खेती करने पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि किसानों को राज्य के बाहर भ्रमण व प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान करने की भी घोषणा की गई है। नीलगाय, जंगली जानवरों और आवारा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए 75 हज़ार किसानों के खेतों पर 30 हज़ार किलोमीटर परिधि में तारबंदी की जाएगी। 

मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि इन सभी बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार द्वारा कृषि विभाग को 250 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है। यह राशि प्रदेश के किसानों को अनुदान के रूप में प्रदान की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि शीघ्र ही डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित की जाएगी। राज्य सरकार का यह प्रयास प्रदेश के किसानों को सशक्त बनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने और जल संरक्षण के माध्यम से निरंतर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Read: यूरिया के लिए परेशान किसानों के लिए राज्य ने केंद्र से की ये मांग 
 


ट्रेंडिंग ख़बरें