खाद का भरपूर स्टॉक, 133 लाइसेंस सस्पेंड, 30 FIR

नई दिल्ली 27-Oct-2026 05:53 PM

खाद का भरपूर स्टॉक, 133 लाइसेंस सस्पेंड, 30 FIR

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर। रबी की बुवाई के बीच खाद को लेकर बढ़ती मांग के बीच राज्य सरकार ने प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने कहा कि किसानों को खाद के लिए घबराने या जरूरत से ज्यादा खरीदकर भंडारण करने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में फिलहाल 4.02 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 91 हजार टन डीएपी , 91 हजार टन एनपीके और 1.70 लाख टन एसएसपी उपलब्ध है। वहीं, कालाबाजारी और खाद के डायवर्जन पर शिकंजा कसते हुए अब तक 133 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और 30 FIR दर्ज हुई हैं।

सरकार के मुताबिक अक्टूबर में यूरिया की मांग 4.60 लाख मीट्रिक टन थी, जबकि 6.48 लाख मीट्रिक टन यानी 141% यूरिया उपलब्ध कराया गया। इसी तरह DAP की 2 लाख मीट्रिक टन मांग के मुकाबले 2.36 लाख मीट्रिक टन यानी 118% उपलब्धता रही। मांग, खपत और बुवाई क्षेत्र के आधार पर ज्यादा खपत वाले जिलों और ब्लॉकों में प्राथमिकता से खाद भेजी जा रही है।

13,445 दुकानों पर जांच, 13 गिरफ्तार

कृषि विभाग ने अब तक 13,445 उर्वरक विक्रय परिसरों का निरीक्षण किया है। गड़बड़ी मिलने पर 133 लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए गए, 30 मामलों में FIR दर्ज कराई गई और पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया। डायवर्जन के मामलों में 1,351 बैग यूरिया, जबकि गुणवत्ता संबंधी कार्रवाई में विभिन्न उर्वरकों के 12,325 बैग जब्त किए गए हैं।

बारां में मांग से ज्यादा खाद

बारां में अक्टूबर के दौरान 32 हजार मीट्रिक टन मांग के मुकाबले 36,506 टन यूरिया और 11 हजार टन मांग के मुकाबले 13,060 टन DAP उपलब्ध कराया गया। जिले में अभी 9,208 टन यूरिया और 2,119 टन DAP का स्टॉक बताया गया है।

किसानों से अपील 

कृषि मंत्री ने किसानों से अफवाहों से बचने और जरूरत के मुताबिक ही खाद खरीदने की अपील की है। विभाग का कहना है कि खाद की उपलब्धता और वितरण की रोजाना निगरानी की जा रही है और कालाबाजारी, जमाखोरी या जबरन दूसरे उत्पाद बेचने जैसी गड़बड़ियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।


ट्रेंडिंग ख़बरें