बढ़ते तापमान ने बढ़ाई चिंता, सीएम भजनलाल ने जारी की एडवाइजरी
(सभी तस्वीरें- हलधर)आसमान से बरसती आग और जानलेवा लू के बीच सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं, राज्य में बढ़ते तापमान को देखते हुए सरकार ने नई स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है।
मुख्यमंत्री की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि, वर्तमान हालात में सतर्क रहना काफी जरूरी है। खासतौर से, बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सीएम ने सलाह दी है कि बेवजह दोपहर 12 से 3 के बीच में घर से बाहर न निकलें क्योंकि इस समय लू का प्रकोप चरम पर होता है। अगर किसी को तेज बुखार, चक्कर आना या बेहोशी जैसे हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत 108 या 112 टोल-फ्री नंबर पर संपर्क करें।
साथ ही, उन्होंने श्रमिकों और किसानों को हिदायत दी कि खुले में काम करने वाले लोग पर्याप्त पानी पिएं, सिर ढककर रखें और काम के बीच-बीच में विश्राम जरूर करें।
स्कूलों के लिए एजवाइजरी जारी
वहीं, गर्मी के रूद्र अवतार को देखते हुए शिक्षा विभाग ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नियम सख्त कर दिए हैं। इस दौरान बच्चों की आउटडोर एक्टिविटी पर बैन के साथ-साथ खुले मैदानों में होने वाली एक्सरसाइज, ड्रिल और खेलकूद की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि, प्रार्थना सभा खुले मैदान में न होकर छायादार जगहों या सीधे कक्षाओं में कराई जाए। मिड-डे मील में ताजा और हल्का खाना देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, बच्चों के बैग का बोझ करने के लिए जरूरी किताबें ही लाने को कहा गया है। स्कूलों में ठंडे पानी, हवादार कमरों और प्राथमिक उपचार की पुख्ता व्यवस्था अनिवार्य कर दी है।
बेजुबानों का रखें ध्यान
मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए भी पानी और दाना रखें। उन्होंने नियोक्ताओं से भी आग्रह किया कि वे अपने कर्मचारियों के लिए सुरक्षित और ठंडा कार्य वातावरण सुनिश्चित करें।