राज्यपाल बागडे से नव नियुक्त कुलगुरु डॉ. दुबे ने की मुलाकात
(सभी तस्वीरें- हलधर)राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे से शनिवार को लोकभवन में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के नव नियुक्त कुलगुरु डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे ने मुलाकात की। कुलगुरु बनने के बाद डॉ. आर. बी. दुबे की राज्यपाल से यह पहली शिष्टाचार भेंट थी।
जानकारी के लिए बता दें कि डॉ. आर बी दुबे को हाल ही में एसकेआरएयू, बीकानेर का नया कुलगुरू नियुक्त किया गया है। प्रोफेसर दुबे इससे पहले महाराणा प्रताप कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में कार्यरत रहे हैं। इसके अलावा वे राजस्थान कृषि महाविद्यालय, उदयपुर में बतौर अधिष्ठाता भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
मक्का की कई हायब्रिड़ किस्मों का किया विकास
डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे मक्का की हायब्रिड़ किस्मों के विकास के लिए खास पहचान रखते हैं। उनके नेतृत्व में अखिल भारतीय मक्का सुधार परियोजना के तहत मक्का की 6 हायब्रिड़ किस्मों का विकास किया गया है। इन किस्मों में प्रताप शंकर मक्का-6 किस्म का विकास वर्ष 2024 में हुआ है। वहीं, मक्का चरी किस्म प्रताप मक्का चरी-16 का विकास भी डॉ. दुबे के नेतृत्व में ही हुआ है। इसके अलावा अरावली मक्का वन, प्रताप मक्का –3,4,5,9, प्रताप हाइब्रिड मक्का 3, प्रताप क्यूपी एम वन और फाइव शामिल है। इसके अलावा, ईसबगोल किस्म प्रताप वन, असालिया वन, प्रताप अश्वगंधा वन, अफीम किस्म चेतक और गन्ना किस्म का विकास भी डॉ. दुबे के नेतृत्व में किया गया।