रिकॉर्ड बिक्री के साथ राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला’ संपन्न

नई दिल्ली 27-Apr-2026 01:01 PM

रिकॉर्ड बिक्री के साथ राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला’ संपन्न

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर, सहकारिता विभाग एवं कॉनफेड द्वारा जवाहर कला केन्द्र में आयोजित दस दिवसीय “राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला का समापन हो गया। इस बार मेले ने नया इतिहास रचते हुए 5.50 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 1.25 करोड़ रुपये अधिक है। शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने बताया कि इस बार मेले में कई नए आयाम जोड़े गए। पहली बार करीब 160 स्टॉल्स लगाए गए, जो अब तक की सबसे अधिक संख्या है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ट्रॉली व्यवस्था और जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूकता के लिए विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही ऑर्गेनिक उत्पाद, ‘एक जिला एक उत्पाद’ और जीआई टैग वाले उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए गए। मेले में ग्राम सेवा सहकारी समितियों और कृषक उत्पादक संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी पहली बार देखने को मिली। समापन समारोह में श्रेष्ठ स्टॉल्स को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

बिक्री में अव्वल रहीं ये संस्थाएं
सर्वाधिक बिक्री की श्रेणी में कॉनफेड प्रथम, तिलम संघ द्वितीय और आरसीडीएफ जयपुर डेयरी तृतीय स्थान पर रहे। जिला उपभोक्ता भंडारों में कोटा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि उदयपुर और बारां क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। क्रय-विक्रय सहकारी समितियों में मथानिया प्रथम, बिलाड़ा द्वितीय और नागौर तृतीय रहे।

नवाचार और ग्राम समितियों का जलवा
ग्राम सेवा सहकारी समितियों में पलसाना सीकर प्रथम और निमोद द्वितीय स्थान पर रहे। नवाचार श्रेणी में बाड़मेर जिले की सुंदरा ग्राम सेवा सहकारी समिति को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

ले-आउट में भी दिखी प्रतिस्पर्धा
ले-आउट श्रेणी में कॉनफेड प्रथम, अपेक्स बैंक द्वितीय और आरसीडीएफ तृतीय रहे। वहीं जिला उपभोक्ता भंडारों में उदयपुर, भीलवाड़ा और बाड़मेर ने क्रमश  पहले तीन स्थान प्राप्त किए। समापन समारोह में सहकारिता विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में सहकारजन उपस्थित रहे। यह मेला न केवल बिक्री के नए रिकॉर्ड स्थापित करने में सफल रहा, बल्कि सहकारिता के क्षेत्र में नवाचार और सहभागिता का भी बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरा।


ट्रेंडिंग ख़बरें