25 मई से शुरू होगा ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’
(सभी तस्वीरें- हलधर)जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की वर्तमान स्थिति एवं राशन की दुकानों पर अप्रैल-मई-जून माह के राशन वितरण एवं स्टॉक क्लियरेंस की समीक्षा की। उन्होंने राज्य सरकार की पिछले दो वित्तीय वर्ष की बजट घोषणाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एमएसपी पर गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मंडियों एवं क्रय केंद्रों पर बारदाने की व्यवस्था रखी जाए।
दिए निर्देश
उन्होंने राशन की दुकानों पर राशन वितरण की समीक्षा करते हुए जिला रसद अधिकारी को निर्देश दिए कि अप्रैल-मई और जून महीने का गेहूं वितरण पूरा होने एवं स्टॉक क्लियर होने पर जुलाई माह का गेहूं भी एफसीआई से जल्दी मंगवा लें और राशन की दुकानों तक पहुंचाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन घोषणाओं में प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी हो चुकी है उनमें आगे की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ कराने की और सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को बजट घोषणा की अपडेट गूगल शीट पर दर्ज करने के निर्देश दिए।
जल संरक्षण के प्रति जागरूक
बैठक में 25 मई से शुरू होने वाले ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए जल संरचनाओं के विकास, आमजन को जल संचय के प्रति जागरूक करने तथा अभियान में जन भागीदारी बढ़ाने की दिशा में प्रयास करने के निर्देश सभी संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर तक आमजन की भागीदारी अभियान के तहत सुनिश्चित की जाए।
सीईओ जिला परिषद कमल कुमार मीणा ने बताया कि 25 मई से 5 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत कुएं, तालाब, बावड़ी जैसी जल संरचनाओं का पूजन, नए कार्यों का शिलान्यास एवं भूमि पूजन तथा पूर्ण हो चुके कार्यों के लोकार्पण किए जाएंगे। साथ ही, कलश यात्रा, पीपल पूजन, नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के कार्य होंगे।