यमुना जल समझौता: मिशन मोड में कार्य — शेखावाटी के लिए वरदान
(सभी तस्वीरें- हलधर)मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को यमुना जल समझौते की योजनाबद्ध और त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु जल संसाधन विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को परियोजना पर "मिशन मोड" में काम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना शेखावाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और वरदान साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि समझौते के बाद जारी गति को कायम रखते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए और फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाए। उन्होंने एमओए (मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग) के अनुरूप आवश्यक दिशानिर्देश दिए तथा जरूरी मैनपावर और संसाधनों की समयबद्ध व्यवस्था पर भी जोर दिया। जल संसाधन विभाग ने परियोजना की प्रगति और कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की पहल से यह समझौता संभव हुआ। उन्होंने परियोजना को साकार करने में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
बैठक में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (जल संसाधन) अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।