यमुना जल से बदलेगी शेखावाटी की तस्वीर
(सभी तस्वीरें- हलधर)मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यमुना का जल शेखावाटी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। इससे सीकर, झुंझुनूं और चूरू जैसे जिले विकास, समृद्धि और नई संभावनाओं के केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शेखावाटी के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और यह ऐतिहासिक यमुना जल समझौता क्षेत्र की वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा।
सोमवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में शेखावाटी फाउंडेशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच प्रतीकात्मक रूप से यमुना जल से भरा कलश शेखावाटी की जनता को समर्पित किया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मंगलगीत गाकर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने तीन दशक से लंबित यमुना जल समझौते को साकार करने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि लगभग 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से करीब 1917 क्यूसेक यमुना जल शेखावाटी तक पहुंचेगा, जिससे सीकर, झुंझुनूं और चूरू सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 75 लाख लोगों को पेयजल और जल संकट से स्थायी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में यमुना जल बंटवारे का समझौता होने के बावजूद राजस्थान को उसका अधिकार नहीं मिल पाया था। राज्य सरकार ने संवाद, समर्पण और समन्वय की नीति अपनाकर इस लंबे समय से लंबित विषय का समाधान निकाला। यह उपलब्धि शेखावाटी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल जल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, ऊर्जा, कृषि, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी समान रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना के तहत सीकर, झुंझुनूं और चूरू की 662 ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण और पर्यटन विकास की योजना तैयार की गई है, जिससे क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान सुरक्षित रहेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कोटपूतली-किशनगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे और बीकानेर-कोटपूतली एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं शेखावाटी को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ेंगी। इससे व्यापार, उद्योग, कृषि और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शेखावाटी की वर्षों पुरानी जल आवश्यकता पूरी होने जा रही है। वहीं, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने इस समझौते को पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत के सपने को साकार करने वाला कदम बताया। शेखावाटी फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोद कुमार गोयल ने कहा कि यमुना जल मिलने से क्षेत्र के विकास के साथ आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित होगा। समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में शेखावाटी क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।