जयपुर में 25 दिसंबर से लगेगा राष्ट्रीय सरस मेला

नई दिल्ली 02-Nov-2026 02:35 PM

जयपुर में 25 दिसंबर से लगेगा राष्ट्रीय सरस मेला

(सभी तस्वीरें- हलधर)

जयपुर में राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन 25 दिसंबर से  किया जाएगा। 18 दिवसीय मेले में राजस्थान सहित देशभर के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री होगी। मेले में 750 से 800 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा खानपान के करीब 50 स्टॉल भी होंगे।

मेले का आयोजन जवाहर कला केंद्र के दक्षिणी परिसर, शिल्पग्राम और इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान परिसर में प्रस्तावित है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय से आयोजन की स्वीकृति मिल चुकी है।

मेले में हस्तशिल्प निर्माण का सजीव प्रदर्शन, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। साथ ही क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित कर महिला उद्यमियों को बाजार से जोड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। राजसखी ब्रांड के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को डिजिटल बाजार तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।

इस संबंध में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल से मुलाकात की। बैठक में राष्ट्रीय सरस मेले की तैयारियों के साथ विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), यानी वीबी–जी राम जी की प्रगति पर भी चर्चा हुई।