जैविक आहार और कृषि में डिजिटल नवाचार से बदलेगा ग्रामीण भारत
(सभी तस्वीरें- हलधर)भरतपुर स्थित भारतीय सरसों अनुसंधान संस्थान में “कृषि एवं ग्रामीण परिवर्तन” विषय पर आयोजित पोस्ट बजट वेबिनार का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए स्वस्थ जीवन के लिए जैविक आहार (ऑर्गेनिक डाइट) को अपनाने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित रहे।
कृषि में डिजिटल नवाचार और नई योजनाओं पर चर्चा
वेबिनार के दौरान कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचारों और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से ‘भारत विस्तार’, नारियल प्रोत्साहन योजना, राष्ट्रीय काजू एवं कोको विकास कार्यक्रम, साथ ही ड्राई फ्रूट्स और चंदन के विकास की भावी रणनीतियां प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
किसान उत्पादक संगठनों को मिल सकता है लाभ
संस्थान के निदेशक डॉ. वी.वी. सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित उद्यमिता विकास कार्यक्रमों और मूल्य संवर्धन गतिविधियों के माध्यम से किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को विशेष लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि इन पहलों से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।
वैज्ञानिकों और किसानों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में डॉ. पी.डी. मीणा, प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रभारी (पादप संरक्षण इकाई), डॉ. आर.एस. जाट, प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रभारी (प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन इकाई) सहित संस्थान के अन्य अधिकारी और वैज्ञानिक मौजूद रहे। इसके अलावा आसपास के गांवों से जुड़े किसानों ने भी वेबिनार में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राज कुमार योगी ने किया। वेबिनार में 50 से अधिक हितधारकों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
Read More News:
भ्रष्टाचार में लिप्त कार्मिकों पर हो रही सख्त कार्रवाई: पशुपालन मंत्री कुमावत