प्रदेश की सबसे बड़ी मंडी में बदले सब्जियों के भाव, टमाटर-आलू हुए सस्ते
प्रदेश की सबसे बड़ी मंडी में बदले सब्जियों के भाव, टमाटर-आलू हुए सस्ते
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजधानी जयपुर स्थित प्रदेश की सबसे बड़ी सब्जी मंडी मुहाना मंडी में बुधवार को सब्जियों के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मुहाना मंडी में जहां टमाटर और आलू के दामों में गिरावट दर्ज की गई, वहीं बारीक हरी मिर्च के भाव में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई। व्यापारियों के अनुसार बाजार में आवक और मांग के आधार पर रोजाना सब्जियों के भाव में बदलाव हो रहा है।
टमाटर के दामों में गिरावट
मुहाना मंडी में आज टमाटर के दामों में गिरावट देखी गई। हाइब्रिड टमाटर 13 से 15 रुपये प्रति किलो और देसी टमाटर 7 से 12 रुपये प्रति किलो के बीच बिके। मटर 20 से 22 रुपये प्रति किलो के भाव पर रही। इसके अलावा फूल गोभी 8 से 15 रुपये और पत्ता गोभी 6 से 8 रुपये प्रति किलो के बीच बिकी।
बारीक हरी मिर्च के भाव में तेजी
मंडी में बारीक हरी मिर्च के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 60 से 80 रुपये प्रति किलो के बीच बिकी। सामान्य हरी मिर्च 20 से 35 रुपये प्रति किलो रही। वहीं, शिमला मिर्च 20 से 25 रुपये, करेला 40 से 45 रुपये और ग्वार फली 40 से 60 रुपये प्रति किलो के बीच बिकती नजर आई।
अन्य सब्जियों के दाम स्थिर
अन्य कई सब्जियों के भाव लगभग स्थिर रहे। लोकी 13 से 15 रुपये, भिंडी 40 से 60 रुपये, बैंगन 15 से 20 रुपये और कद्दू 15 से 17 रुपये प्रति किलो के बीच बिके। इसके अलावा खीरा (पॉलीहाउस) 15 से 22 रुपये, टिंडा 12 से 30 रुपये, गाजर 10 से 12 रुपये और मूली 15 से 16 रुपये प्रति किलो के भाव पर रही। अदरक 54 से 55 रुपये प्रति किलो के बीच बिकती रही।
आलू-प्याज मंडी में आलू और प्याज सस्ते
मुहाना मंडी स्थित आलू-प्याज मंडी में आज आलू के दामों में गिरावट देखी गई। आलू 4 से 8 रुपये प्रति किलो के बीच बिका, जबकि प्याज के दाम 8 से 16 रुपये प्रति किलो के बीच रहे। वहीं लहसुन के दामों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ और यह 30 से 100 रुपये प्रति किलो के बीच बिकता रहा।
आवक और मांग से तय होते हैं भाव
व्यापारियों का कहना है कि सब्जियों की कीमतें मुख्य रूप से मंडी में आवक और बाजार की मांग पर निर्भर करती हैं। मौसम में बदलाव, उत्पादन और आपूर्ति की स्थिति के अनुसार सब्जियों के दामों में रोजाना उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है।
Read: दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए केंद्र स्थापित