प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को मिली ये बड़ी राहत
(सभी तस्वीरें- हलधर)राजस्थान सरकार ने आपदाओं से प्रभावित हुए किसानों व आमजन को बड़ी राहत दी है। राज्य की भजनलाल सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों और आम नागरिकों के लिए राहत पैकेज जारी कर दिया है। प्रदेश में इसबार बेमौसम बारिश, अतिवृष्टि और बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान की समीक्षा के बाद सरकार ने ये निर्णय लिया है। राज्य के 43 लाख 39 हजार किसानों को 2,600 करोड़ रुपए का कृषि आदान-अनुदान वितरण त्वरित किया जाएगा। कृषि एवं आपदा राहत मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि वर्ष 2025 में हुई बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रदेश के 30 जिलों में 33 प्रतिशत या उससे अधिक फसल खराब हुई है। वहीं, प्रदेश के 11 जिलों में फसल नुकसान को 33 प्रतिशत से कम आंका गया है। विभागीय अधिसूचना के अनुसार, 24 जिलों के 14,687 गांवों के कुल 43 लाख 39 हजार किसान प्रभावित हुए हैं, जिन्हें एसडीआरएफ नियमों के तहत राहत राशि वितरित की जाएगी।
सरकारी परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण-मरम्मत के लिए भी स्वीकृति
आपदा राहत मंत्री डॉ. मीणा ने बताया कि प्रदेश में असामान्य बारिश के कारण कई सार्वजनिक परिसंपत्तियों को भी गंभीर नुकसान हुआ है। इनके पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए सरकार ने 50,308 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है, जिन पर 1,012 करोड़ 61 लाख रुपए की राशि मंजूर की जा चुकी है। इसमें सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों की मरम्मत के 14,212 कार्यों पर 293 करोड़ 13 लाख रुपए तथा पुलिया मरम्मत के 1,161 कार्यों पर 7 करोड़ 20 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं, जल संसाधन विभाग के 903 कार्यों के लिए 18 करोड़ 67 लाख रुपए, चिकित्सा विभाग के 700 कार्यों के लिए 13 करोड़ 18 लाख रुपए, पंचायती राज विभाग के 873 कार्यों के लिए 19 करोड़ 39 लाख रुपए, पीएचईडी के 17 कार्यों के लिए 22 लाख 69 हजार रुपए और शिक्षा विभाग के 24,531 कार्यों पर 486 करोड़ 94 लाख रुपए की व्यय किए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग के 7,911 कार्यों के लिए 173 करोड़ 3 लाख रुपए स्वीकृति किए गए हैं।
जनहानि में मृतक के आश्रितों को 4 लाख की सहायता
प्रदेश में इस बार अत्यधिक बारिश और आपदाओं के कारण हुई 112 जनहानियों में प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गईं। इनके लिए राज्य सरकार ने कुल 4 करोड़ 48 लाख रुपए सहायता राशि जारी की है। इसके अलावा, पशुओं के नुकसान, घर के सामान, कपड़ों तथा मकानों की मरम्मत के लिए 11 करोड़ 54 लाख रुपए की सहायता भी उपलब्ध कराई है। आपदा राहत मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का कहना है कि राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित प्रदेश के हर नागरिक के साथ खड़ी है और त्वरित राहत, पारदर्शिता तथा पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का काम कर रही है।
Read: पशुपालकों के लिए आई खुशखबरी, केंद्रीय मंत्री ने कही ये बात