प्रदेश की सबसे बड़ी मंडी में मिर्च और नींबू के दाम चढ़े, आलू-प्याज हुए सस्ते

नई दिल्ली 11-Mar-2026 12:46 PM

प्रदेश की सबसे बड़ी मंडी में मिर्च और नींबू के दाम चढ़े, आलू-प्याज हुए सस्ते

(सभी तस्वीरें- हलधर)

राजधानी जयपुर स्थित प्रदेश की सबसे बड़ी सब्जी मंडी मुहाना में सोमवार को सब्जियों के दामों में मिश्रित रुख देखने को मिला। कुछ सब्जियों के भाव बढ़े, जबकि कई सब्जियों के दाम स्थिर रहे। मंडी में खासतौर पर बारीक हरी मिर्च और नींबू के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि आलू और प्याज की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। व्यापारियों के अनुसार आवक और मांग के अनुसार भावों में बदलाव हो रहा है।

मिर्च और नींबू के दामों में उछाल

मुहाना मंडी में आज बारीक हरी मिर्च के दाम 80 से 90 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए, जबकि सामान्य हरी मिर्च 35 से 50 रुपये प्रति किलो के बीच बिकी। वहीं नींबू के दाम भी ऊंचे रहे और यह 120 से 130 रुपये प्रति किलो तक बिकता नजर आया। व्यापारियों का कहना है कि मौसम के प्रभाव और सीमित आवक के कारण इन सब्जियों के भाव में तेजी देखी जा रही है।

कई सब्जियों के दाम स्थिर

मंडी में टमाटर, गोभी, पत्ता गोभी, बैंगन, शिमला मिर्च, अदरक और गाजर सहित कई सब्जियों के दाम लगभग स्थिर रहे। हाइब्रिड टमाटर 16 से 22 रुपये प्रति किलो और देसी टमाटर 10 से 18 रुपये प्रति किलो के बीच बिके। फूल गोभी 18 से 20 रुपये, पत्ता गोभी 6 से 8 रुपये और शिमला मिर्च 35 से 40 रुपये प्रति किलो के भाव पर रही। इसके अलावा लोकी 13 से 15 रुपये, भिंडी 45 से 68 रुपये, ग्वार फली 50 से 70 रुपये, बैंगन 15 से 20 रुपये और कद्दू 15 से 17 रुपये प्रति किलो के बीच बिके।

आलू-प्याज मंडी में आई गिरावट

मुहाना मंडी स्थित आलू-प्याज मंडी में आज इन दोनों प्रमुख सब्जियों के दामों में गिरावट दर्ज की गई। आलू के भाव 5 से 8 रुपये प्रति किलो के बीच बोले गए, जबकि प्याज 7 से 15 रुपये प्रति किलो के बीच बिका। वहीं लहसुन के दामों में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया और यह 30 से 100 रुपये प्रति किलो के बीच बिकता रहा।

आवक और मांग से तय हो रहे दाम

व्यापारियों के अनुसार, मंडी में सब्जियों की कीमतें मुख्य रूप से आवक और मांग पर निर्भर करती हैं। मौसम में बदलाव और उत्पादन क्षेत्रों से आपूर्ति में उतार-चढ़ाव के कारण रोजाना भावों में बदलाव देखने को मिलता है। फिलहाल मंडी में अधिकांश सब्जियों की कीमतें सामान्य स्तर पर बनी हुई हैं, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम और आपूर्ति के आधार पर इनमें फिर बदलाव संभव है।

Read: 13 मार्च को आएगी PM किसान योजना की 22वीं किस्त, खाते में पहुंचेंगे ₹2000
Read : किसान गर्मी में तुरई की फसल लगाकर कमा सकते हैं लाखों रुपए


ट्रेंडिंग ख़बरें